540वें प्रोजेक्ट की शूटिंग के लिए अमृतसर पहुंचे बॉलीवुड एक्टर, हरिमंदिर साहिब में टेका माथा
आर्मी अधिकारियों के साथ डिनर को बताया जिंदगी के सबसे खुशनुमा पल
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने के लिए पहुंचे। खेर अपने 540वें प्रोजेक्ट की शूटिंग के लिए अमृतसर पहुंचे हैं। खेर ने बीती रात आर्मी अधिकारियों के साथ डिनर भी किया। इन पलों को उन्होंने अपनी जिंदगी का सबसे खुशी के समय में से एक बताया है।
अनुपम खेर ने कहा कि जब भी उनका अमृतसर आना होता है, वह हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने के लिए जरूर आते हैं। यहां वह अपने साथ बाउंसर या कोई सिक्योरिटी नहीं लेकर आते। उन्हें महसूस होता है कि यहां जो भी लोग हैं उनकी सुरक्षा के लिए ही हैं। गुरु घर में किसी तरह की सुरक्षा की जरूरत नहीं होती। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार व देश की शांति के लिए अरदास की।
खेर ने बीती रात आर्मी मेजर जनरल राजेश पुष्कर के निवास पर डिनर भी किया। कहा कि यह खुशी का समय है कि उन्हें आर्मी मेजर जनरल के साथ डिनर का मौका मिला। बहादुरी, वीरता, कविता, सिनेमा और स्वादिष्ट खाने का ऐसा संगम बहुत दिनों बाद महसूस किया है।
खेर ने सोशल मीडिया पर भी अपने विचार पेशकर फिल्म के संबंध में खुलासा किया है। कहा कि मैंने अपने 540वें प्रोजेक्ट की शूटिंग शुरू कर दी है। कैलोरी एक कनाडाई फिल्म है, जो समीक्षकों की ओर से प्रशंसित कनाडाई निर्देशक ईशा मरजारा व जोबालास द्वारा निर्मित है। फिल्म की शूटिंग अमृतसर और मॉन्ट्रियल में होगी। इस मानवीय त्रासदी की पटकथा ने मेरे दिल को गहराई तक छू लिया है।