चंडीगढ़। सेक्टर-47 स्थित बूथ मार्केट के पास सीटीयू बस की टक्कर से एक्टिवा सवार व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सेक्टर-45/सी निवासी दीपक शर्मा को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां वह उपचाराधीन है। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने राजपुरा निवासी सीटीयू बस चालक दविंदर के खिलाफ मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में आरव शर्मा (18) ने बताया कि वह परिवार समेत सेक्टर-45/सी में रहता है। सोमवार को उसके पिता दीपक शर्मा किसी काम से एक्टिवा पर सेक्टर-47 गए थे। थोड़ी देर बाद वह भी वहां पहुंच गया। लौटने के दौरान उसके पिता एक्टिवा से आगे चल रहे थे, जबकि वह उनके पीछे गाड़ी में आ रहा था। सेक्टर-47 स्थित बूथ मार्केट के पास पहुंचने पर सीटीयू बस ने उसके पिता को टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। शिकायत पर सेक्टर-31 थाना पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। हालांकि पकड़े गए बस चालक को पुलिस ने बाद में जमानत पर छोड़ दिया है।