गर्मियों की छुट्टियां बच्चों को हर बार कुछ न कुछ नया सिखने का अवसर देती हैं। इसी को थोड़ा कामर्शियल रूप देकर समर वर्कशॉप आयोजित की जाती हैं। शहर में होने वाली और कुछ चल रहीं वर्कशाप में कई प्रमुख हस्तियां बच्चों को नृत्य से लेकर रंगमंच के गुर दे रही हैं।
इसी क्रम में दो प्रमुख कलाकार सुचित्रा मित्रा और नादीरा बबर की वर्कशाप प्रमुख है। सुचित्रा मित्रा ने हाल ही में भरतनाट्यम के लिए शहर के हरिकृष्ण स्कूल सेक्टर-38 में वर्कशाप शुरू की। इसमें बच्चों को वह भरतनाट्यम की बारीकि से जानकारी दे रही हैं।
नादिरा सिखाएंगी एक्टिंग
चंडीगढ़ संगीत नाटक अकादमी एक से छह जून तक सेक्टर-34 स्थित कार्यालय में एक्टिंग की वर्कशाप आयोजित कर रही है। इसमें प्रसिद्ध रंगकर्मी नादिरा बबर एक्टिंग के गुर साझा करेंगी। वर्कशाप में हर उम्र के लोग एंट्री ले सकते हैं। एंट्री फीस 2000 रुपये रखी गई है। वर्कशाप में हिस्सा लेने के लिए अपना नाम 9780331245 पर कॉल करके दर्ज करवाया जा सकता है।
टैगोर थिएटर की फ्री वर्कशॉप
टैगोर थिएटर बच्चों के लिए थिएटर वर्कशॉप करवा रहा है। इसे शहर के विभिन्न कम्यूनिटी सेंटर में करवाया जाएगा। यह वर्कशाप छह से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए होगी। वर्कशाप पांच से 25 जून तक सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। वर्कशाप के लिए कोई भी फीस नहीं ली जाएगी। इसमें हिस्सा लेने के लिए 0172-2724278 पर संपर्क कर अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं।
विभिन्न कैटेगरी में वर्कशॉप
पंजाब कला परिषद विभिन्न कैटेगरी में वर्कशॉप आयोजित करने जा रहा है। इसमें आर्ट क्राफ्ट, फुलकारी, पेंटिंग, थिएटर, स्टोरी टेलिंग के गुर दिए जाएंगे। वर्कशॉप में पांच से ज्यादा साल की उम्र वाला कोई भी व्यक्ति हिस्सा ले सकता है। इसमें किसी भी कैटेगरी में हिस्सा लेने के लिए 1500 रुपये फीस रखी गई है। वर्कशॉप में हिस्सा लेने के लिए इच्छुक व्यक्ति पंजाब कला भवन में सुबह नौ से पांच बजे तक संपर्क कर सकता है। यह वर्कशाप एक से 15 जून तक चलेगी।