चंडीगढ़। पलसोरा चौकी से कुछ ही दूरी पर एक युवक पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को सोमवार दोपहर सेक्टर-56 के जंगलों के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कट्टा, दो कारतूस और कीरच बरामद किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अमनदीप ने एक युवती की वजह से विनोद को गोली मारने की कोशिश की थी। पुलिस के अनुसार, बीती रविवार रात सेक्टर-56 निवासी विनोद कुमार मकान नंबर-958 के पास सैर कर रहा था। इसी दौरान अमनदीप शाह ने हथियार से हमला करने की कोशिश की। जब विनोद कुमार वहां से भागने की कोशिश करने लगा तब अमनदीप ने उस पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली विनोद के माथे से छूती हुई निकल गई और वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद सेक्टर-39 थाना पुलिस ने विनोद कुमार को जीएमएसएच-16 में भर्ती करवाकर उसका बयान दर्ज किया। वहीं, अब सेक्टर-56 चौकी इंचार्ज की अगुवाई में आरोपी अमनदीप शाह को दबोच लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अमनदीप यूपी से कट्टा खरीद कर लाया था। इन दोनों के बीच जनवरी 2020 में झगड़ा हुआ था। बारहवीं तक पढ़ा अमनदीप एक प्राइवेट कंपनी में पिछले 2/3 साल से बतौर सुपरवाइजर की नौकरी कर रहा है जबकि उसके पिता राजमिस्त्री हैं। पुलिस का कहना है कि मंगलवार आरोपी को जिला अदालत में पेश किया जाएगा।