पंजाब में रामपुरा फूल (बठिंडा) बठिंडा-चंडीगढ़ जीटी रोड पर शनिवार देर शाम रामपुरा फूल के पास एक टूरिस्ट बस और ट्राले में हुई टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में करीब 30 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कोलकाता से एक टूरिस्ट बस राजस्थान स्थित अजमेर शरीफ जा रही थी। रामपुरा से कुछ दूरी पर जीटी रोड पर बस की एक ट्राले के साथ सीधी टक्कर हो गई।
हादसे से बस और ट्राले के ड्राइवरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 के करीब बस यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने समाज सेवी संस्थाओं के सहयोग से घायलों को बस से बाहर निकाल कर उन्हें रामपुरा और तपा के अस्पतालों में दाखिल करवाया।
बस ड्राइवर की पहचान गंगा राम पात्र निवासी ओडिशा के रूप में हुई है जबकि ट्राले के मृतक ड्राइवर की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। हादसे के बाद जीटी रोड पर दोनों तरफ वाहनों का लंबा जाम लग गया। सदर पुलिस थाने के एएसआई चिमन लाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।