मलोया टर्न पर तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार हादसे में घायल बापूधाम कॉलोनी की महिला संतरा देवी (70) की गंभीर चोट के कारण सोमवार को तड़के मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के बेटे ऑटो चालक सुरिंदर की शिकायत पर कार चालक सेक्टर 38 के रहने वाले राकेश बजाज के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में सुरिंदर ने बताया कि पिछले शनिवार की रात को वह सेक्टर 39 स्थित जीरी मंडी से अपनी मां संतरा देवी को लेने गया था। रात करीब 11 बजे उसने अपनी मां को ऑटो में बैठाया व घर की तरफ निकल पड़ा।
मलोया टर्न पर जैसे ही उसने मोड़ काटा तो तो पीछे से जीरी मंडी के ओर से आ रही तेज रफ्तार स्वीफ्ट कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो सड़क पर पलट गया और सुरिंदर व उसकी मां संतरा देवी घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पीसीआर मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत उपचार के लिए सेक्टर 16 अस्पताल में पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सुरिंदर को छुट्टी दे दी गई। जबकि मां को गंभीर चोट के कारण डॉक्टरों ने पीजीआई रेफर कर दिया।
रविवार शाम तक डॉक्टरों ने संतरा देवी को पीजीआई से घर भेजा दिया और एक दो दिन बाद दोबारा बुलाया। अस्पताल से घर आने के बाद सोमवार को सुबह अचानक उसकी मां की हालत बिगड़ गई।
परिजन अस्पताल ले जाने लगे तो रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने सुरिंद्र की शिकायत पर आरोपी कार चालक राकेश बजाज के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को जमानत मिल गई।