कोटकपूरा रोड स्थित यादगारी गेट के पास तेज रफ्तार से शहर की ओर आ रही इनोवा गाड़ी सड़क पर खड़े ट्रक में टकरा गई, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गाड़ी सवार चार अन्य लोग घायल हो गए। यह गाड़ी फरीदकोट के गांव भोलूवाला से मुक्तसर के लिए आई बारात में शामिल होनी थी।
मरने वाला दूल्हे का दोस्त था और घायलों में दूल्हे के दो मामा भी शामिल हैं। जिसमें एक को गंभीर हालत में बठिंडा रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद से ट्रक और इनोवा चालक दोनों ही फरार हैं। थाना सदर पुलिस ने ट्रक और इनोवा को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार फरीदकोट के गांव भोलूवाला निवासी सुखप्रीत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह का वीरवार को विवाह था। उसकी बारात मुक्तसर के लिए रवाना हुई थी। सुखप्रीत के मामा रुप सिंह और गुरसेवक सिंह नेहरु निवासी गांव पाकां, एक दोस्त अंग्रेज सिंह पुत्र जगरुप सिंह के अलावा बिट्टू औलख पुत्र जगदीश इनोवा गाड़ी में सवार थे। सूत्रों के अनुसार यह गाड़ी अन्य गाड़ियों से आधा घंटा लेट होने के चलने से कारण उनसे पिछड़ गई थी। जिसके कारण गाड़ी के ड्राइवर ने जल्द पहुंचने के लिए रफ्तार बढ़ा दी।
हालांकि बारात की बाकी गाड़ियां इनोवा को साथ लेने के लिए मुक्तसर के कोटकपूरा रोड पर यादगार गेट के पास ही खड़ी हुई थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही इनोवा बारात की अन्य गाड़ियों के पीछे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर से इनोवा एक तरफ से बुरी तरह से पिचक गई। वहीं ट्रक से सामान भी टूटकर इनोवा पर आ गिरा।
आवाज सुनकर बाराती इनोवा में सवार लोगों को बाहर निकालने में जुट गए और एंबुलेंस की सहायता से रुप सिंह, बिट्टू, गुरसेवक सिंह नेहरु और अंग्रेज सिंह को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां डाक्टरों ने अंग्रेज को मृत घोषित कर दिया जबकि रुप सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बठिंडा रेफर कर दिया गया। थाना सदर प्रभारी इकबाल सिंह के अनुसार ट्रक और इनोवा को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।