'आप' के नेशनल कन्वीनर और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक बड़ा दावा कर रहे हैं, वो भी पंजाब विधानसभा चुनाव और इसमें सीटें जीतने को लेकर। केजरीवाल कहते हैं कि यह केंद्रीय चुनाव आयोग का फर्ज है कि सूबे में निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव को यकीनी बनाया जाए।
चंडीगढ़ में बुधवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के लोग अकाली माफिया के चंगुल से निकलने के लिए उत्साहित हैं और सूबे में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद वह आम लोगों की सरकार बनाने के लिए आजाद हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को गोवा और पंजाब में समर्थन देने के लिए बड़ी संख्या में लोग बाहर निकलेंगे। गोवा में बीजेपी सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है। केजरीवाल ने कहा कि इन चुनावों में दिल्ली चुनाव का रिकार्ड भी टूटेगा।
केजरीवाल ने कहा कि सूबे में भयमुक्त और निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए और अधिक अर्द्धसैनिक बलों की टुकड़ियां तैनात की जानी चाहिए। पंजाब में कानून व्यवस्था एक महत्वपूर्ण मुद्दा है।