बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान जल्द ही अंतरराष्ट्रीय पहलवान गीता और बबीता के घर मेहमान बनकर आएंगे। ‘दंगल’ फिल्म बनाने जा रहे आमिर गांव बलाली में इन बहनों के घर में बने अखाड़े में कुश्ती के दांव भी आजमाएंगे।
दो दिन पहले गीता और बबीता परिवार समेत मुंबई में आमिर खान के घर मेहमान बनकर गईं थी। तभी आमिर ने बलाली आने की ख्वाहिश जाहिर की थी। हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि आमिर कब बलाली आएंगे।
मुंबई से लौटने के बाद दोनों पहलवान बहनों के पिता महावीर पहलवान ने आमिर खान से मुलाकात के दौरान हुई बातचीत ‘अमर उजाला’ से साझा की। उन्होंने बताया कि आमिर खान ने गांव का माहौल, कुश्ती की बारीकियां और हरियाणवी सीखने के लिए बलाली आने की इच्छा जताई।
दरअसल, आमिर उसी दंगल में उतरना चाहते हैं, जहां से गीता-बबीता ने कुश्ती की एबीसीडी सीखी। चार घंटे की मुलाकात के दौरान आमिर खान ने महावीर के साथ कुश्ती के कुछ दांव खासकर ‘ढाक’ आजमाया।
फिलहाल आमिर मध्य प्रदेश के कृपाशंकर से कुश्ती के दांव-पेंच सीख रहे हैं। आमिर खान और उनकी पत्नी किरण राव ने महावीर की पत्नी और बेटियों गीता और बबीता से बातचीत की और एक साथ खाना खाया।