आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने इनेलो पर एसवाईएल के मुद्दे को लेकर हरियाणा वासियों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला तथा चौटाला परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा में लंबे समय से पंजाब पुलिस के कर्मचारी तैनात हैं। इन्हें पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की ओर से अलॉट किया गया है।
सरकारी कागजों में ये सुरक्षा कर्मचारी सुखबीर बादल व प्रकाश सिंह बादल को अलॉट हैं, जबकि वास्तविक रूप में पिछले कई वर्षों से चौटाला परिवार के सदस्यों के साथ तैनात हैं। अभय चौटाला के काफिले में चलने वाली एक गाड़ी भी पंजाब सरकार की है। अभय चौटाला चंडीगढ़ की जिस कोठी में रहते हैं, वह भी बादल परिवार की है। उसमें तैनात सेवादार, लांगरी भी पंजाब सरकार के कर्मचारी हैं।
जयहिंद ने कहा कि एसवाईएल खुदाई के मुद्दे पर हरियाणा की जनता ने अभय चौटाला के नेतृत्व को पूरी तरह से अस्वीकार कर दिया है। इस मुद्दे पर चौटाला परिवार ही एकजुट नहीं है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में संगठन की मजबूती पर पूरा ध्यान केंद्रित कर रखा है। लोकसभा तथा जिला स्तर पर संगठन का गठन किया जा रहा है। सभी जिलों में कार्यालय खोलने का काम शुरू हो चुका है।
दूसरे चरण में विधानसभा स्तर पर पार्टी के सभी प्रकोष्ठों का गठन किया जाएगा। जयहिंद ने हरियाणा विधानसभा कार्यालय को भ्रष्टाचार का अड्डा बताया। उन्होंने कहा कि पहले स्पीकर कार्यालय के एक अधिकारी पर नौकरी के बदले पैसे लेने के आरोप लगे, अब स्पीकर इस आरोप से घिरे हैं। सरकार को चाहिए कि जब तक स्पीकर आरोप मुक्त नहीं हो जाते, तब तक उन्हें पद से हटा दिया जाना चाहिए।