दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की चंडीगढ़ यूनिट को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी की ओर से सेक्टर-20 में एक कॉल सेंटर बनाया गया है। इसमें पांच कार्यकर्ताओं को दिल्ली के वोटरों को फोन कर उन्हें पार्टी के बारे में बताने और आप के पक्ष में वोटिंग करने का आग्रह करने की जिम्मेदारी दी गई है।
हर कार्यकर्ताओं को रोजाना 50 लोगों को फोन करना होगा। उसके बाद इसकी रिपोर्ट दिल्ली स्थित कैंपेन दफ्तर में भेजनी होगी। कॉल कैंपेन चलाने वाले शिशुपाल और प्रोफेसर गुरदेव सिंह ने बताया कि उनके दो और साथी विकास भाटिया व हैप्पी सिंह अपना काम खत्म करके तीन बजे आते हैं।
पहला काम दिल्ली के कैंपेन दफ्तर में फोन कर दिल्ली के वोटिंग लिस्ट व उनके नंबर ई-मेल के माध्यम से मंगवाते हैं। उसके बाद फोन करने का सिलसिला शुरू हो जाता है। रात साढ़े आठ बजे तक लगातार कार्यकर्ता दिल्ली फोन करते रहते हैं। जब से चुनाव की तारीख घोषित हुई है, तब से लगातार फोन कालिंग की जा रही है। पार्टी की ओर से लोगों को कंप्यूटर और मोबाइल मुहैया करवाए गए हैं।