भगंवत मान सरकार रख रही शहीदों के परिवार का ख्याल
दिल्ली के सीएम एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की धरती शहीदों की धरती है। पहले की सरकारों ने कभी शहीदों की सुध नहीं ली। मगर अब पंजाब की भगवंत मान सरकार शहीदों के घर जाकर एक करोड़ रुपये का चेक देती है। पहली बार कोई सरकार आई है, जो शहीदों का सम्मान करती है। केंद्र सरकार ने अग्निवीर अमृतपाल का कोई ख्याल नहीं रखा। कोई सम्मान नहीं दिया। मगर भगवंत मान सरकार ने उनके परिवार को एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा।
पहली बार बठिंडा को मिला 1125 करोड़ का पैकेज: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 75 साल के इतिहास में किसी सरकार ने बठिंडा को एक साथ 1125 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात नहीं दी। मगर आप की सरकार ने यह सौगात दी है। अब बठिंडा में सात नए स्कूल बनाए जाएंगे। ये स्कूल देश के बड़े-बड़े प्राइवेट स्कूलों को भी पीछे छोड़ देंगे। अस्पतालों का निर्माण किया जाएगा। शानदार अस्पताल बनाए जाएंगे। बठिंडा के कोने-कोने में आम आदमी क्लीनिक का निर्माण किया जाएगा। यहां इलाज मुफ्त होगा। बठिंडा में नया बस स्टैंड और सीवरेज का निर्माण किया जाएगा।
कांग्रेस व अकाली ने बठिंडा में कुछ नहीं किया
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस और अकाली दल ने 75 साल में बठिंडा में कोई काम नहीं किया। भगवंत मान सरकार ने सबसे बड़ा काम बिजली मुफ्त करना है। सरकार बनने से पहले आठ-आठ घंटे बिजली नहीं आती थी। आज 24 घंटे पंजाब को बिजली मिल रही है। कैप्टन और बादल साहब हमेशा कहते थे कि सरकार घंटे में चल रही है। इन सरकारों में भ्रष्टाचार था। हमने इसे रोका और फिसूलखर्ची को खत्म किया। हमारी सरकार कभी पैसों की कमी नहीं होने देगी।
बिना सिफारिश मिल रहीं नौकरियां
केजरीवाल ने कहा कि जो शिक्षा हमने अपने बच्चों को दी है, वही शिक्षा आपके बच्चों को मिलेगी। पंजाब के सभी स्कूलों में काम चल रहा है। पंजाब के सभी अस्पताल दो महीने में शानदार बन जाएंगे। अभी तक पंजाब सरकार ने 42 हजार नौकरियां दी हैं। सभी नौकरियां बिना सिफारिश के मिल रही हैं। वहीं ठेका कर्मचारियों को नियमित किया जा रहा है। आज कोई कर्मचारी टंकी पर नहीं चढ़ता है।
काम देखकर केंद्र ने रोका पैसा
पंजाब की जनता ने दिल्ली का काम देखकर रंगला पंजाब बनाने की खातिर वोट दिया है। जनता ने पंजाब की 117 में 92 सीट पर जिताया है। मेरा दिल कह रहा है कि अगली बार 110 से अधिक सीटें आप को मिलेंगी। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सभी पार्टी एकजुट हो चुकी हैं। केंद्र से इन दलों ने कहा कि आप का काम रोको। इसके बाद केंद्र ने सेहत और सड़क का पैसा रोक दिया है। मगर हम डरने और झुकने वाले नहीं है। केजरीवाल ने कहा कि हद तो तब हो गई जब इन्होंने मात्था टेकने की खातिर ट्रेन देने से मना कर दिया। इसके बाद भगवंत मान ने मुझसे बात की और कहा कि केंद्र के मंसूबे कामयाब नहीं होने देंगे। दिल्ली में भी केंद्र ने काम रोकने के खूब प्रयास किए। मगर मैं वादा करता हूं... रंगला पंजाब बनाउंगा।