पुलिस के साथ आप नेताओं की धक्कामुक्की।
थर्मल प्लांट की जगह पुडा को दिए जाने के विरोध में बुधवार को वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के कार्यालय का घेराव करने पहुंचे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्कामुक्की हुई। पुलिस की सख्ती के कारण आप नेता और कार्यकर्ता वित्त मंत्री के कार्यालय तक नहीं पहुंच पाए और गोल डिग्गी के समीप ही धरना देकर अपना विरोध जताया।
धरने में पहुंचे आप कोर कमेटी के सदस्य बुधराम, तलवंडी साबो से विधायक बलजिंदर कौर, बठिंडा देहात से विधायक रूपिंदर कौर रूब्बी ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने अपना खजाना भरने के लिए अब सरकारी जमीनों को बेचना शुरू कर दिया। चुनाव से पहले मनप्रीत बादल ने वादा किया था कि वो बंद पडे़ थर्मल प्लांट को कांग्रेस सरकार बनने पर चालू करेंगे लेकिन उन्होंने चालू करवाने की बजाय उसे पुडा के हवाले कर दिया।
यह भी पढ़ें- पाक युवती बोली- मोदी जी! बॉर्डर खोल दीजिए, शादी करनी है मुझे, लोग अब ताने मारने लगे हैं
आप नेताओं का कहना है कि अपने खिलाफ उठने वाली आवाज को समय-समय की सरकार अपने सरकारी तंत्र से दबाने का प्रयास करती हैं लेकिन वह सरकार से डरने वाले नहीं और सरकार की जनविरोधी नीतियों का लगातार विरोध किया जाएगा। गोल डिग्गी पर धरना-प्रदर्शन के दौरान पुलिस भी खामोश रही। थाना कोतवाली के इंस्पेक्टर दविंदर सिंह का कहना है कि धरनाकारियों पर किसी तरह की कोई एफआईआर दर्ज नहीं की जाएगी। धरने के संबंध में थाने में डीडीआर दर्ज कर जांच की जाएगी।
कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन
आम आदमी पार्टी के धरने के दौरान एक दूसरे से शारीरिक दूरी न बनाकर कोविड-19 के नियमों की धज्जियां उड़ाई गई। लॉकडाउन के दौरान कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने आम लोगों को पर कार्रवाई की थी। किसी भी राजनीतिक दल से जुडे़ नेता एवं कार्यकर्ताओं की ओर से जब पुलिस के सामने ही कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन किया जाता है तो पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती। बुधवार को आप के धरने को लेकर लोग आपस में चर्चा कर रहे थे कि कानून सिर्फ आम लोगों के लिए ही बना है।