आप कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर मंगलवार को नगर निगम का घेराव करने की कोशिश की। आप कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने और अंदर घुसने की कोशिश की। पुलिस के बार-बार समझाने के बाद भी जब कार्यकर्ता नहीं माने तो पुलिस को वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा। कुछ कार्यकर्ताओं पर हल्का बल प्रयोग भी किया गया। उसके बाद कार्यकर्ताओं के तेवर ढीले पड़े और सभी वहां से तितर-बितर हो गए। जिस दौरान प्रदर्शन चल रहा था, उस वक्त नगर निगम में सदन की कार्यवाही चल रही थी।
आप नेता प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि भाजपा के कई पार्षद भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। ठेकेदारों के साथ मिलकर वे चंडीगढ़ की जनता को लूट रहे हैं। अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा ने इस शहर के लिए कुछ नहीं किया। छह सालों में सिर्फ जनता पर टैक्स लादते रहे। ये ऐसे टैक्स थे, जिनकी जनता को जरूरत नहीं थी। जब तक शहर भाजपा व भ्रष्टाचार मुक्त नहीं होता, तब तक आप का हल्ला बोल जारी रहेगा। इस मौके पर चंद्रमुखी शर्मा, प्रेम गर्ग, संजीव भारद्वाज, विक्रम पुंडीर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।