बठिंडा में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हरपाल सिंह चीमा
पंजाब के बठिंडा में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार की हत्या कर दी गई है। मृतक बठिंडा के गिल कलां से जिला परिषद उम्मीदवार था। उम्मीदवार हरिंदर सिंह हिंदा की रविवार रात उनके घर में ही हत्या कर दी गई। जांच में जुटी रामपुरा पुलिस के हाथ फिलहाल कोई सुराग नहीं लगा है। जानकारी के अनुसार जिला परिषद के जोन गिल कलां से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरिंदर सिंह हिंदा ने रविवार रात को अपने कुछ साथियों के साथ घर में ही शराब पी।
सुबह परिवार वालों ने देखा कि हरिंदर बेड पर मृत पड़ा है। इसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस पार्टी समेत पहुंचे थाना सदर रामपुरा प्रभारी इंस्पेक्टर निर्मल सिंह ने बताया कि हिंदा को उसी के घर में ही कत्ल किया गया है। बेड पर पड़े शव के पास से शराब की बोतल भी बरामद की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी हिंदा के करीबी ही हैं, जिन्होंने साजिश के तहत हिंदा की किसी तेजधार हथियार से हत्या की और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि हिंदा के परिवार वालों को भी नहीं पता कि रविवार रात को हिंदा के साथ घर में कौन आया था। उन्होंने बताया कि पुलिस उस हर पहलू की जांच कर रही है जिस पर पुलिस को थोड़ा भी संदेह लग रहा है। थाना प्रभारी ने कहा कि फिलहाल पुलिस ने मृतक की पत्नी किरनदीप कौर के बयान पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने खुर्द-बुर्द किए सबूत : चीमा
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : डेमो
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने गिल कलां जोन के आप उम्मीदवार हरिंदर हिंदा की हत्या को लोक राज की हत्या करार दिया है। सोमवार शाम को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस सबूतों को कांग्रेस की शह पर खुर्द बुर्द कर रही है।
चीमा ने कहा कि कांग्रेस आप के उन उम्मीदवारों को निशाना बना रही है जो कांग्रेसी और अकाली उम्मीदवारों को बडे़ फर्क से इन चुनाव में हराने वाले थे। जिला परिषद चुनाव के दौरान ही ऐसा माहौल देखने को मिल रहा है तो आने वाले बड़े चुनाव तो और भी ज्यादा खतरनाक माहौल पैदा होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने मांग की कि अगर सूबे में कोई भी चुनाव होता है तो केंद्र सरकार सुरक्षा की जिम्मेदारी लेते हुए बीएसएफ को तैनात करें और उम्मीदवारों की सुरक्षा को यकीनी बनाए। चीमा ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उक्त वारदात को अंजाम देने से पहले एक ढाबे पर खाना भी खाया लेकिन उसके सीसीटीवी कैमरे में आरोपियों की जो तस्वीर कैद हुई है उसको उजागर करने की बजाय पुलिस कह रही कि ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में डीवीआर ही नहीं है।
उन्होंने एलान किया कि वह हरिंदर हिंदा के परिवार और गांव वालों के साथ मिलकर संघर्ष करेंगे और पीड़ित परिवार को आप की तरफ से हर सहायता की जाएगी। चीमा ने आरोप लगाया कि जानबूझकर आप उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द किए जा रहे हैं। उनको सूबे के विभिन्न जिलों से फोन आ रहे है। इस मौके चीमा के साथ आप के जिला अध्यक्ष नवदीप जीदा के अलावा अन्य नेता मौजूद थे।
जब आरोपियों के बारे में पुलिस को कोई सुराग ही नहीं मिला तो हरपाल चीमा कैसे दावा कर सकते हैं कि पुलिस सबूतों को खुर्द बुर्द कर रही है। चीमा ऐसी अफवाहें फैलाकर मामले की जांच को प्रभावित करने का प्रयास न करें। - इंस्पेक्टर निर्मल सिंह, प्रभारी, थाना सदर रामपुरा