बनूड़ के गांव मठियाड़ा के 22 साल के युवक की अमेरिका की मिलट्रोन लेक में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान हशनप्रीत सिंह के तौर पर हुई है। वह करीब दो साल पहले अमेरिका के कैलिफोर्निया में होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई करने गया था। गांव के लोगों व पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि बीते दिनों वह अपने दोस्तों के साथ अमेरिका में मिलट्रोन लेक पर घूमने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से हशनप्रीत सिंह झील में जा गिरा।
सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन ने गोताखोरों की मदद से युवक को बाहर निकाला और हेलीकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान हशनप्रीत सिंह की मौत हो गई। जैसे ही यह खबर सोमवार सुबह युवक के परिवार वालों को मिली तो हर कोई शोक में डूब गया। किसी के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
गौरतलब है कि हशनप्रीत सिंह के पिता कश्मीर सिंह की भी करीब डेढ़ महीना पहले गंडाखेड़ी में नहर में डूबने से मौत हो गई थी। गांव के सरपंच रजिंदर सिंह राजू और पूर्व सरपंच जसपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। यह घटना अमेरिका में शनिवार को हुई थी।
परिवार को सूचना दी गई थी कि हशनप्रीत सिंह को बचाकर अस्पताल पहुंचा दिया गया है और उसकी हालत में सुधार है लेकिन सोमवार सुबह खबर आई कि हशनप्रीत सिंह की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। साथ ही बताया कि वह लोग कैलिफोर्निया पुलिस के संपर्क में हैं, जिनसे पूरी जानकारी हासिल की जा रही है।