करनाल में युवा नशे की दलदल में फंसते जा रहे हैं। तीन दिन पहले नशे के खातिर रुपये न देने पर युवक ने नहर में कूदकर जान दे दी थी। अब नशे से जुड़ा एक और मामला सामने आया है। अधिक नशे की वजह से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि युवक नशे का आदी था। अधिक नशा करने के कारण युवक की मौत हुई है।
रामनगर थाना क्षेत्र के जीतू दवाई चौक के पास लोगों ने युवक के शव को पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। पुलिस ने बताया कि शव की शिनाख्त सेक्टर-13 निवासी आशीष के रूप में हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा नशे का आदी था। वह घर से शनिवार को निकला था।
बेटे की परिजनों ने काफी तालाश की। मगर कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी। रामनगर एसएचओ का कहना है कि परिजनों के अनुसार नशे के कारण युवक की मौत हुई है। युवक के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं है। शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।