फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दड़वा में मर्डर: युवक को घेरकर चाकुओं से गोदा, 25 मिनट तड़पता रहा सूरज; वीडियो बनाने में लगे रहे लोग

Wed, 13 May 2026 02:46 AM IST
चंडीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चंडीगढ़

सार

वारदात शाम करीब सवा छह बजे गुरुद्वारा साहिब के नजदीक हुई। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला रंजिश से जुड़ा लग रहा है। 
विज्ञापन
दड़वा में युवक की हत्या पर विलाप करते परिजन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चंडीगढ़ के दड़वा की गैस कॉलोनी में मंगलवार शाम 18 फीट रोड पर 20 वर्षीय युवक सूरज उर्फ सागर की चार-पांच युवकों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। हमले के दौरान आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे लेकिन कोई भी युवक को बचाने के लिए आगे नहीं आया। कई लोग मोबाइल फोन से वीडियो बनाते रहे जबकि सूरज सड़क पर करीब 25 मिनट तक तड़पता रहा।
विज्ञापन


वारदात शाम करीब सवा छह बजे गुरुद्वारा साहिब के नजदीक हुई। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला रंजिश से जुड़ा लग रहा है। घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें आरोपी युवक को घेरकर लगातार चाकुओं से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। सूरज जान बचाने के लिए भागता रहा लेकिन आरोपी उसे लात-घूंसों से पीटते हुए लगातार वार करते रहे।

परिजनों का आरोप है कि वारदात के दौरान किसी ने न पुलिस को समय पर सूचना दी और न ही एंबुलेंस बुलाने की कोशिश की। पिता मुकेश ने कहा कि अगर लोग डंडे लेकर भी आगे आ जाते तो उनका बेटा बच सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो में आरोपी साफ दिखाई दे रहे हैं, इसके बावजूद पुलिस उन्हें पकड़ने में समय लगने की बात कह रही है।
विज्ञापन
Trending Videos
विज्ञापन

स्कूटी लगाकर रोका रास्ता, फिर किया हमला

सूरज अपने दोस्त पांडू के साथ बाइक पर जा रहा था। जैसे ही वे 18 फीट रोड पर पहुंचे, आरोपियों ने स्कूटी आगे लगाकर उनका रास्ता रोक लिया। पांडू मौके से भाग गया जबकि आरोपियों ने सूरज को चारों तरफ से घेर लिया। दो युवकों के हाथ में चाकू थे। सूरज किसी तरह वहां से भागा लेकिन कुछ दूरी पर गिर पड़ा।

इसके बाद भी आरोपी उसके पीछे पहुंचे और लगातार चाकू मारते रहे। वारदात के बाद आरोपी मृतक की बाइक लेकर भागने की कोशिश भी करते रहे। काफी देर तक बाइक स्टार्ट करने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद आरोपी बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकले। जाते समय भी आरोपी बाइक पर लातें मारते दिखाई दिए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

मां का रो-रोकर बुरा हाल, चाचा बोले- इंसानियत मर चुकी है

मृतक की मां राजबाला का पुलिस चौकी में रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने कहा कि उनका बेटा मदद के लिए तड़पता रहा लेकिन कोई आगे नहीं आया। मां ने कहा कि अगर लोग एकजुट होकर सामने आते तो आरोपी भाग जाते और उनका बेटा बच सकता था। चाचा ने आरोप लगाया कि दड़वा इलाके में अपराध और नशे का नेटवर्क तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों में अब पुलिस का डर नहीं रहा और इंसानियत मर चुकी है, लोग तमाशा देखते रहे।

पुलिस बोली- सूचना मिलते ही पहुंची टीम

घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ सतनाम सिंह और दड़वा चौकी इंचार्ज रवदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के पांच मिनट के भीतर टीम पहुंच गई थी। घायल सूरज को पीसीआर वाहन से सेक्टर-32 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हत्या में कुछ नाबालिगों के शामिल होने की आशंका भी है। आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें