मनीमाजरा। पुरानी रंजिश के चलते लगभग आधा दर्जन युवकों ने एक युवक पर तेजधार हथियार और शराब की टूटी बोतलों से हमला कर उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। घायल युवक को उसके भाई ने जीएमसीएच-32 में भर्ती कराया है। युवक अश्वनी तिवारी की शिकायत पर पुलिस ने काकू, मूकला और अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अश्वनी के भाई मनीष तिवारी ने बताया कि मंगलवार शाम 7 बजे उनका भाई घर के बाहर बैठा हुआ था। इसी बीच काकू, मूकला और चार-पांच अन्य युवक अश्वनी को जबरदस्ती खींच कर पार्क लेकर गए और उस पर शराब की टूटी हुई बोतलों और तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद लहूलुहान अश्वनी किसी तरह उनके चुंगल से बच कर घर पहुंचा। वह अपने भाई को तुरंत मनीमाजरा अस्पताल ले गए। जहां उसे जीएमसीएच-32 रेफर कर दिया गया। जहां अश्वनी के सीने पर 10 टांके लगे। वहीं पुलिस के अनुसार मौलीजागरां के मकान नंबर 3887 में रहने वाले अश्वनी तिवारी की दिवाली के दिन काकू और मूकला के साथ लड़ाई हुई थी। उसी रंजिश में मंगलवार रात को काकू और मूकला ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला किया। अश्वनी की शिकायत दर्ज कर काकू और मूकला का गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।