गुरदासपुर। नेशनल हाइवे 354 पर कलानौर-गुरदासपुर मार्ग पर शनिवार सुबह अड्डा नड़ावाली के पास स्कूल टीचरों से भरी वैन घनी धुंध के चलते ट्रक से टकरा गई। हादसे में करीब दस अध्यापक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अध्यापकों में प्रदीप कुमार बब्बेहाली, शाली सैनी, अंजू बाला, चेतना, एकता, मीनू सैनी और रितिका सैनी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक पठानकोट क्षेत्र के फतेहगढ़ चूड़ियां के सरकारी स्कूलों में तैनात महिला और पुरुष अध्यापक रोजाना वैन से फतेहगढ़ चूड़ियां आते-जाते हैं। जैसे ही वैन नड़ावाली पहुंची, घनी धुंध के कारण सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अध्यापक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को वैन से बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस के माध्यम से गुरदासपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया।
सिविल अस्पताल पहुंचे हलका इंचार्ज रमन बहल और एसएमओ रविंदर सिंह ने घायल अध्यापकों का हालचाल जाना। रमन बहल ने बताया कि अस्पताल में सभी का इलाज किया जा रहा है और कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने भगवान से घायल अध्यापकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। डॉक्टरों ने घायलों को आवश्यक दवाइयां, एक्स-रे और अन्य मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। संवाद