ड्राइवर सहित दो लोगों की हालत है गंभीर
सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में स्नान करने के लिए कठुआ से गए थे, लौटते समय हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। जम्मू के कठुआ से दो दिन पहले हरिद्वार स्थित पवित्र गंगा में स्नान करने के बाद वापिस वापिस जम्मू जा रही यात्रियों की बस को जालंधर बाइपास के पास एक तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खड़ी बस पलट गई। कंटेनर चालक हादसे के तुरंत बाद वहां वाहन छोड़कर फरार हो गया। लोगों के चिल्लाने की आवाज सुन कर आस-पास के लोग रुक गए। उन्होंने किसी तरह से लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही थाना सलेम टाबरी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि ड्राइवर और एक अन्य यात्री की हालत को देखते हुए उन्हें अमृतसर के निजी अस्पताल रेफर कर दिया। बाकी 32 घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जिन्हें कुछ समय बाद दूसरी बस में जम्मू स्थित कठुआ उनके घरों के लिए रवाना कर दिया गया।
निजी कंपनी की बस रविवार की सुबह जम्मू से हरिद्वार के लिए 44 यात्रियों को लेकर निकली थी। सोमवार को सभी यात्रियों ने सोमवती अमावस्या पर स्नान करना था और वहीं से भी वापिस कठुआ के लिए निकल गए। सुबह करीब तीन बजे बस लुधियाना के जालंधर बाइपास के पास पहुंची और बस पंचर हो गई। बस ड्राइवर दो तीन यात्रियों को साथ खड़ा कर टायर बदल रहा था। इसी दौरान दोराहा साइड से जालंधर की तरफ जा रहा तेज रफ्तार ट्राला कैंटर बेकाबू होकर सीधे बस में जा घुसा।
हादसे में बस ड्राइवर दविंदर कुमार, इंद्रजीत कुमार और सुरेश कुमार गंभीर घायल हुए। अस्पताल में सुरेश को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि ड्राइवर दविंदर कुमार और साथी इंद्रजीत कुमा की हालत गंभीर है।