पटियाला। पंजाब सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विजिलेंस ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संगरूर में तैनात तहसीलदार जगतार सिंह को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी के घर की तलाशी के दौरान 1 लाख 45 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है। मामले में शामिल सह-आरोपी क्लर्क की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई जिला संगरूर के गांव महिलां निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसने अपनी जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए तहसील कार्यालय संगरूर में संपर्क किया था। इस दौरान तहसीलदार जगतार सिंह और क्लर्क मालविंदर सिंह ने रजिस्ट्री कराने के बदले 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी और राशि ले ली।
दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए गए जिसके बाद विजिलेंस ब्यूरो पुलिस रेंज पटियाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान तहसीलदार को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि सह-आरोपी की तलाश जारी है। विजिलेंस ब्यूरो ने स्पष्ट किया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यदि इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो ने आम जनता से अपील की है कि भ्रष्टाचार से जुड़े किसी भी मामले की सूचना निर्भय होकर दें। भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।