पंचकूला। हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा की छबि धूमिल करने के आरोप में के-9 मीडिया चैनल के संचालक अरुण कुमार को पुलिस ने 16 जुलाई को गिरफ्तार किया। आरोपी यूट्यूबर से वीरवार को पुलिस ने छवि खराब करने के एवज में मंत्री के पीए दीपक से ली गई एक लाख रुपये की रकम बरामद की। वहीं, पुलिस ने वीरवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से एक दिन का रिमांड मिला है।
क्या था मामला
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-20 निवासी दीपक कौशिक ने 10 जुलाई को सेक्टर-5 के थाना में पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में दीपक ने बताया कि वह मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के कार्यालय में बतौर सिविल इंजीनियर कार्यरत हैं। 5 जुलाई को वह मंत्री के साथ सेक्टर-5 के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी दौरान फेसबुक पर के-9 मीडिया नामक चैनल पर झूठी खबर प्रसारित होने की जानकारी मिली, जिसमें बताया गया कि मंत्री के पीए ने चंडीगढ़ के एक कोठी में महिला सफाई कर्मचारी से छेड़छाड़ की है।
एसीपी विक्रम नेहरा ने बताया कि मंत्री के पीआरओ लवेश शर्मा ने जब आरोपी यूट्यूबर अरुण कुमार से खबर हटाने बात कही तो उसने एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी। लवेश ने इस संबंध में उनके साथी अनिल शर्मा से बात कर कहा कि आप भी अरुण शर्मा से इस बारे में तथ्यात्मक त्रुटि ठीक करने को कहेें।
एसीपी ने कहा कि पुलिस जांच में सामने आया है कि यह खबर खरी-खरी न्यूज और सत्य खबर नामक फेसबुक चैनलों पर भी प्रसारित की गई थी। इनको भी जल्द जांच में शामिल किया जाएगा। इनके अलावा अगर इस खबर चलवाने के लिए प्रेरित करने वाले अन्य किसी की भागीदारी पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।