रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध ने पूरे विश्व की चिंता बढ़ा दी है। वहीं भारत के अलग-अलग प्रदेशों और शहरों से यूक्रेन पढ़ने के लिए गए विद्यार्थियों के परिवार वाले काफी परेशान हैं। पंजाब के लुधियाना की बेटी यूक्रेन में एमबीबीएस की पढ़ाई करने गई है। मगर वहां के हालात ने उसके परिवार वालों की चिंता बढ़ा दी है।
परिवार वाले अपनी बेटी को किसी भी हाल में वहां से लाने की कोशिश में हैं। उन्होंने भारत सरकार से परिवार ने अपील की है ताकि बेटी को जल्द वापस लाया जा सके। महानगर से यूक्रेन एमबीबीएस की पढ़ाई गईं भानवी भाटिया के पिता अश्विनी भाटिया और सुकन्या भाटिया ने भारत सरकार से आग्रह किया है कि वह जल्द से जल्द बेटी को देश लेकर आए।
रूस और यूक्रेन में इस समय हालात काफी चिंताजनक हैं। रूस की सेना यूक्रेन में घुस चुकी है और दोनों देशों में जंग भी छिड़ चुकी है। जिसके बाद कई देशों ने यूक्रेन से अपने लोगों को बुला लिया है। इसके साथ वहां से अपने दूतावास को भी खाली करवा लिया है। भारत सरकार ने भी यूक्रेन में गए अपने लोगों को वापस बुलाने के लिए वहां एयर इंडिया की फ्लाइट भेज दी थी।
अश्विनी भाटिया और सुकन्या भाटिया ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी को लाने के लिए 26 फरवरी को फ्लाइट बुक करवाई थी लेकिन सवाल यह है कि एक तरफ भारत सरकार बच्चों को लाने के लिए फ्लाइट भेज रही है और साठ हजार रुपये का टिकट सरकार ने तय किया है लेकिन ऑनलाइन साइट पर यूक्रेन से भारत आने का टिकट एक लाख रुपये से अधिक में मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी के अलावा कई छात्र-छात्राएं हैं, जिन्हें वापस लाने का प्रबंध सरकार को करना चाहिए।