क्राइम ब्रांच ने शराब तस्करी का भंडाफोड़ कर बड़ी सफलता हासिल की है। अवैध तरीके से दूध के टैंकर में शराब लेकर गुजरात जा रहे एक चालक को टीम ने गिरफ्तार किया है। टीम ने टैंकर से शराब की 440 पेटियां बरामद की हैं। आरोपी की पहचान मोहाली फेज-5 निवासी गौरव खत्री (34) के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया है कि इससे पहले भी वह इसी तरह शराब लेकर गुजरात जाता रहा है। रविवार को क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर रंजीत सिंह को गुप्त सूचना मिली कि दूध के टैंकर में अवैध तरीके से शराब की पेटियां लोड गुजरात भेजी जा रही हैं।
सूचना पर क्राइम ब्रांच टीम ने पोल्ट्री फार्म चौक के पास नाका लगाया। इस दौरान इंडस्ट्रियल एरिया फेज 1 की तरफ से आ रहे एक दूध टैंकर नंबर (जीजे-25 यू3717) को रोका गया। गाड़ी पर लिखा हुआ था ‘मिल्क नॉट फॉर सेल’। चालक को रोककर जब टैंकर की तलाशी ली गई तो अंदर शराब की 440 पेटियां (21120 बोतल पौवा) मिलीं।
टीम ने जब इस संबंध में टैंकर चालक से शराब का परमिट मांगा तो कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने आरोपी गौरव के खिलाफ एक्साइज 61/1/14 एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं मामले का खुलासा होने पर अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। क्राइम ब्रांच का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।
नेपाली मूल का आरोपी है पांचवीं पास
क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि आरोपी काफी शातिर है। इस गोरखधंधे को चलाने के लिए आरोपी गुजरात नंबर के दूध के टैंकर का इस्तेमाल कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि टैंकर चालक आरोपी पांचवीं पास है। आरोपी मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है। काफी सालों से मोहाली में रह रहा है।