Haryana CM Manohar lal khattar
- फोटो : File Photo
हरियाणा भाजपा में चारों ओर चल रही खींचतान के बीच मुख्यमंत्री निवास से भी सरकार के एक सिपहसालार की रवानगी का समय आ गया है। जल्द ही मुख्यमंत्री निवास से सरकार के कामकाज देखने वाले एक व्यक्ति का नाम कम हो सकता है। सियासी हलकों में इस बात की चर्चा तेज हो गई है। उक्त सिपहसालार को फिलहाल लंबी छुट्टी पर भेज दिया गया है।
जानकारी केमुताबिक सीएम के दिल्ली दौरे के दौरान उक्त सिपहसालार से संबंधित दस्तावजे सीएम को सौंपे गए, जिसके बाद सरकार के ही कुछ नुमाइंदों ने बचाव में पैरवी की, लेकिन मुख्यमंत्री के मिजाज को देखते हुए पैरवी बेकार है। इस सबसे अलग मुख्यमंत्री के ओएसडी और सलाहकारों में से भी कुछ नाम कम किए जाने पर विचार चल रहा है। खट्टर सरकार की लंबी-चौड़ी फौज में से जल्द ही एक-दो लोगों के नाम कम होंगे। यह कोई पहली बार नहीं है। इससे पहले भी कई लोगों पर गाज गिर चुकी है।
सरकार ने शपथ ग्रहण के बाद ही ओएसडी और सलाहकारों की लंबी-चौड़ी फौज तैयार की थी, जिसके बाद सबसे पहले जवाहर यादव को टीम से बाहर किया गया। हालांकि, बाद में उन्हें हाउसिंग बोर्ड की चेयरमैनी सौंप दी गई। तब से अब तक कई लोगों का नंबर लग चुका है, जिसमें पूर्व ओएसडी विजय शर्मा, मुकुल कुमार, राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा की छुट्टी हो चुकी है। भविष्य में एक ओएसडी और एक चेयरमैन की भी छुट्टी हो सकती है।