पूरा पंजाब इन दिनों हाई अलर्ट पर है। सूबे में आतंकी घूसने की खबर से हड़कंप मचा हुआ है। एक युवक को अपनी प्रेमिका को रिझाने के लिए वर्दी पहनना महंगा पड़ गया। आरपीएफ व जीआरपी ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। मामला पंजाब के राजपुरा का है। मिली जानकारी के अनुसार आरपीएफ व जीआरपी रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध लोगों की तलाश कर रही थी कि गंगानगर से हरिद्वार जा रही इंटरसिटी ट्रेन में सवार फौज की वर्दी पहने युवक से पहचान बताने को पुलिस ने कहा तो वह कोई सही उत्तर नहीं दे सका।
पुलिस ने जब उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो युवक ने अपना नाम सुरिंदर गोदारा पुत्र बोहर लाल गांव किलनिंया हनुमानगढ़ बताते हुए कहा कि श्री गंगानगर से रुड़की इस ट्रेन में अपनी प्रेमिका से मिलने जा रहा था। उसने लड़की को बता रखा था कि वह फौज में नौकरी करता है। इस बीच रुड़की पहुंचने से पहले राजपुरा रेलवे पुलिस के हत्थे चढ़ गया। रेलवे पुलिस ने नकली फौजी से एक अन्य वर्दी भी बरामद की है। जीआरपी ने युवक को धारा 140 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर काबू कर लिया है।