पूछताछ में सामने आया कि 2016 के दौरान आरोपी राजविंदर सिंह घाली के साथ फरीदकोट जेल में बंद था। घाली जेल में विक्की कुमार से मारपीट करता था, जिसके चलते विक्की की घाली के साथ रंजिश थी। हालांकि जेल से बाहर आने के बाद दोनों में बोलचाल तो था लेकिन विक्की कुमार ने अपने मन में रंजिश रखी हुई थी।
इसी रंजिश में वारदात के दिन 11 दिसंबर को किसी काम का बहाना बनाकर वह घाली को अपने साथ बाइक पर बिठाकर कोटकपूरा ले गया। रास्ते में रुक कर मौका लगते ही विक्की ने तेजधार तलवार से घाली पर वार करते हुए उसकी हत्या कर दी और शव को लावारिस छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी विक्की कुमार चेला भी कुछ आपराधिक मामले में शामिल रहा है और बठिंडा के थाना दयालपुरा में दर्ज असलहा एक्ट के एक केस में भगोड़ा चल रहा था। बताया जा रहा है कि घाली को घर से बाइक पर बैठाकर ले जाने के समय आरोपी रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। इसी से पुलिस को सुराग लगा और उसकी शिनाख्त हो गई।
हत्या के समय आरोपी ने वीडियो भी बनाई
गैंगस्टर राजविंदर सिंह घाली की हत्या करते समय आरोपी विक्की कुमार ने अपने मोबाइल में वीडियो भी बनाई थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। एसएसपी मनजीत सिंह ढेसी ने वीडियो बनाने की पुष्टि करते हुए कहा कि फिलहाल वीडियो को फोरेंसिक जांच के लिए लैब भेजा जाएगा जिसके चलते अभी इसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।