पंचकूला निवासी पच्चीस वर्षीय युवती ने रविवार देर रात दीवार तोड़ते हुए थार गाड़ी सेक्टर-8 स्थित सेवानिवृत्त आईएएस व चंडीगढ़ के पूर्व एसडीएम इंदरजीत सिंह संधू की कोठी में घुसा दी। हादसा इतना भीषण था कि घर की बाहरी दीवार के साथ एक पिलर भी टूट गया और अंदर खड़ी दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। बताया जा रहा है कि गाड़ी पर नियंत्रण खोने के चलते यह हादसा हुआ।
सेवानिवृत्त आईएएस अफसर के मुताबिक हादसे से पांच मिनट पहले ही वह अपनी पत्नी के साथ बाजार गए थे। नौकर ने उन्हें घटना की जानकारी दी। बताया कि हादसे के बाद कार सवार सेक्टर-11 पंचकूला निवासी युवती चुप रही, मगर उसके साथ मौजूद युवक ने उनसे बहस करते हुए वीडियोग्राफी न करने की बात कही।
पूर्व आईएएस के मुताबिक, युवती उतावलेपन में गाड़ी चला रही थी। उधर, युवती ने पुलिस को बताया है कि उससे ब्रेक नहीं लगा, जिसके चलते हादसा हुआ। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने मामले में सिर्फ डीडीआर दर्ज की है। पूर्व आईएएस, जिनके घर में हादसा हुआ है, वह चंडीगढ़ में एसडीएम रह चुके हैं।
उन्होंने बताया कि गाड़ी दीवार तोड़ती हुई सीधे उनके गार्डन में घुस आई, गनीमत रही इस दौरान गार्डन में कोई बैठा नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने स्थानीय प्रशासन पर ऐसी दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए उचित कदम न उठाने का आरोप लगाया है।