सुरक्षा एजेंसियों ने अटारी अंतरराष्ट्रीय रेलवे स्टेशन पर कार्यरत एक गेटमैन को पाकिस्तान की एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किया। आरोपी राम केशवर मीणा राजस्थान के दौसा का रहने वाला है और वह कई साल से गेटमैन तैनात था।
सुरक्षा एजेंसियां अब जांच में जुटी हैं कि जासूसी का यह रैकेट मीणा अकेले चला रहा था या उसके साथ कुछ और लोग भी शामिल हैं। पिछले महीने भी अटारी सेक्टर के एक गांव में रहने वाले एक फौजी व उसके साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जासूसी रैकेट का पर्दाफाश किया था।
अमृतसर (देहात) पुलिस के एसएसपी बिक्रमजीत सिंह ने कहा कि मीणा के कब्जे से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और वीडियो बरामद किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ-साथ पंजाब पुलिस भी मामले की जांच कर रही हैं। जानकारी के अनुसार मीणा की निशानदेही पर अटारी सेक्टर की कई अति संवेदनशील भारतीय निगरानी चौकियों के वीडियो व फोटो भी बरामद की गई है।
वह अटारी रेलवे स्टेशन, उसके आसपास के स्टेशन, खासा स्थित बीएसएफ व आर्मी के मुख्यालयों और समझौता एक्सप्रेस की वीडियो आईएसआई को भेज चुका है। इसके अलावा जब भी अटारी रेलवे स्टेशन पर कोई अति महत्वपूर्ण अधिकारी आता था, वह उसकी वीडियो भी पाकिस्तान भेजता था। सुरक्षा एजेंसियों ने दौसा स्थित उसके घर में छापामारी के लिए एक टीम भी रवाना कर दी है।