पंजाब में सीएम, डिप्टी सीएम और मंत्रियों की गाड़ियों पर सरकारी खजाने से खर्च कर दिए गए 97 करोड़। दरअसल सीएलपी लीडर चरनजीत सिंह चन्नी ने पंजाब सरकार पर निजी इस्तेमाल के लिए सरकारी खजाने के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट विभाग ने 2007 से 2015 तक सरकारी गाड़ियां मुहैया करवाने पर 97 करोड़ रुपये खर्च किए।
चन्नी ने सीएम को समाज भलाई स्कीमों और आर्थिक बदहाली पर बहस की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि सीएम, डिप्टी सीएम और मंत्रियों की गाड़ियों पर 97 करोड़ खर्च करना इनकी पंजाब केप्रति असंवेदनशीलता दिखाता है। डॉ. जसदीपक सिंह की ओर से आरटीआई के तहत हासिल जानकारी के मुताबिक यह खर्च ट्रांसपोर्ट विभाग ने उठाया है।
सबसे ज्यादा 17,77,92,929 रुपये 2012-13 में खर्च किए गए। चन्नी ने कहा कि अंगहीन पेंशन स्कीम केतहत सरकार ने दस सालों में सिर्फ 335.55 करोड़ ही खर्च किए। 11 लाख लाभपात्रियों को कवर किया गया। 2014-15 से 2015-16 के दौरान पांच हजार लाभपात्रियों को हटा दिया गया। ढाई लाख से ज्यादा लाभपात्रियों को बुढ़ापा पेंशन स्कीम से हटा दिया गया। चन्नी ने आशंका जताई कि विधानसभा चुनाव देख बादल कांग्रेस वर्करों को टारगेट कर रहे हैं। कांग्रेस को पसंद करने वाले लोगों को नाम हटाए जा रहे हैं।