चंडीगढ़ में बीते 24 घंटे में कोरोना के 96 नए मरीज मिले। इससे सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 321 पर पहुंच गया। वहीं संक्रमण दर 5.5 प्रतिशत हो गया। इससे पहले पांच जून को 24 घंटे के दौरान 98 संक्रमित मरीज मिले थे। लगभग 6 महीने के बाद एक बार फिर संक्रमण दर में तेजी से उछाल दर्ज किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे के दौरान 1744 लोगों की जांच की, जिनमें से 96 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। संक्रमित मिले नए मरीजों में पुरुषों की संख्या 53 व महिलाओं की संख्या 43 है। वहीं, सक्रिय मरीजों में से चार वेंटिलेटर और 22 ऑक्सीजन पर हैं। दूसरी तरफ, स्वास्थ्य विभाग ने 10 दिन की अवधि पूरी हो जाने पर 10 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया। बता दें कि शहर में अब तक 1079 मरीजों की मौत हो चुकी है।
अकेले मनीमाजरा में मिले 18 संक्रमित
मनीमाजरा कोरोना का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। रविवार को यहां सबसे ज्यादा 18 नए संक्रमित मिले। वहीं, सेक्टर 7, 9 ,10, 11, 12, 15, 16 ,19, 20, 21, 22, 23, 24 ,26 ,27 ,28 ,32 ,34, 36, 37, 38, 40, 41 ,42 ,43, 44, 45 ,47 ,48, 49, 50 ,52 ,सेक्टर-38 वेस्ट, डड्डूमाजरा, धनास, हल्लोमाजरा, खुड्डा अलीशेर, खुड्डा लाहौरा, मक्खन माजरा, मलोया, मौलीजागरां और पलसोरा में भी संक्रमित मिले हैं।
दूसरी डोज का 90 प्रतिशत लक्ष्य हुआ पूरा
कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत रविवार को टीके की दूसरी डोज लगवाने वाले लाभार्थियों की संख्या 9126 रही। इससे टीके की दूसरी खुराक लगवाने वाले लाभार्थियों की संख्या 90.38 प्रतिशत हो गई है। अब तक लक्ष्य में शामिल 8,46,009 से 7,61,882 लोगों को दूसरी खुराक लगाई जा चुकी है। वही अब तक 9,95,050 लोगों ने पहली खुराक लगवाई है।
बता दें कि तीसरी लहर के खतरे के बीच प्रशासन लोगों से जल्द से जल्द टीके की दोनों खुराक लगवाने की अपील कर रहा था। जागरूकता का भी असर ना हो पाने पर प्रशासन की तरफ से 31 दिसंबर की रात से टीके की दोनों खुराक ना लगवाने वालों को सार्वजनिक स्थानों पर प्रवेश न देने का आदेश जारी किया गया है। जिसे लेकर टीका लगवाने वालों की संख्या में अचानक से काफी तेजी दर्ज की गई है। 7 दिनों से लगातार प्रतिदिन 10000 से ज्यादा लाभार्थियों को टीका लगाया जा रहा है। इसके कारण टीकाकरण केंद्र पर लंबी कतार और पहले टीका लगवाने के लिए तू-तू मैं-मैं तक की नौबत आ रही है।