उपायुक्त पंचकूला डॉ. एसएस फुलिया 24 नवंबर को सुबह 10 बजे राजीव कॉलोनी, वाल्मीकि मंदिर से बच्चों को पोलियो रोधक दवा पिलाकर तीन दिवसीय अभियान की शुरुआत करेंगे।
सिविल सर्जन डॉ. वीके बंसल ने बताया कि अतिरिक्त उपायुक्त एसएस अरोड़ा अशियाना सेक्टर-26 पाकेट बी और उपमंडल अधिकारी (ना0) गुरमीत सिंह सेक्टर 20 से दवा पिलाकर अभियान शुरू करेंगे।
24 से 26 नवबर तक चलने वाले अभियान के तहत पांच साल तक के 81,204 बच्चों को पोलियो रोधक दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इस मुहिम को सफल बनाने के लिए जिले में 471 बूथ, 31 मोबाइल और 34 ट्रांजिट टीमें बनाई गई हैं।
अभियान सफल बनाने का आह्वान
उपायुक्त फुलिया ने लोगों से आह्वान किया है कि वे अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर लाकर पोलिया रोधी दवा जरूर पिलाएं। उन्होंने पंचायतों के प्रतिनिधियों और नगर परिषद के पार्षदों से भी अभियान को सफल बनाने के लिए अभिभावकों को जागरूक करने का आह्वान किया है।