नासा के शैक्षणिक भ्रमण पर 10 दिन पहले अमेरिका गए करनाल के दो स्कूलों के 60 बच्चों में से आठ बच्चे अपना पासपोर्ट लेकर निकले और फिर भ्रमण दल के पास नहीं लौटे। आठ बच्चों के इस तरह गायब हो जाने के बाद भ्रमण दल के सोमवार को स्वदेश लौटने पर संशय बना हुआ है।
कुछ बच्चों ने अपने घर फोन कर यह जानकारी दी है लेकिन स्कूल प्रबंधन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि दल के लौटने के बाद ही सही स्थिति का पता चलेगा।
10 दिन पहले शहर के गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल और प्रताप पब्लिक स्कूल से 10वीं से 12वीं तक के 30-30 छात्रों का दल नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (नासा) भ्रमण के लिए दिल्ली से रवाना हुआ था।
दिल्ली से रवाना हुए थे करनाल के बच्चे
- फोटो : File Photo
दलों में दोनों स्कूलों के प्रिंसिपल, शिक्षक व प्रबंधन कमेटी के सदस्य भी शामिल हैं। छात्रों की देखभाल के लिए गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल के निदेशक लखबीर सिंह गुलाटी व अन्य शिक्षक, जबकि प्रताप पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल पूनम नेवट, प्रवीण कुमार गए हुए हैं। शनिवार को दल में शामिल कुछ छात्रों ने करनाल में अपने परिजनों से बात की और बताया कि दल के आठ स्टूडेंट्स (दोनों स्कूलों के चार-चार) नहीं मिल रहे हैं। प्रबंधन के सदस्य छात्रों की तलाश में जुटे हैं और नासा अधिकारियों की भी मदद ली जा रही है।
इधर, प्रताप पब्लिक स्कूल के नरेंद्र गुप्ता ने किसी भी छात्र के लापता होने की जानकारी होने से इंकार किया है। दल सोमवार को वापस लौटेगा, इससे ज्यादा उनके पास कोई जानकारी नहीं है। उधर, गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल की तरफ से इस मामले में चुप्पी साध ली गई है।