फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वोटिंग के बाद अब नतीजों पर होगी नजर, ईवीएम में बंद 1145 प्रत्याशियों का भाग्य

Sun, 05 Feb 2017 01:49 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
पंजाब विधानसभा चुनाव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पंजाब में 15वीं विधानसभा के गठन के लिए शनिवार को 117 हलकों में 75 फीसदी मतदान हुआ। मतदाताओं के उत्साह का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि तय समय समाप्त होने के बाद भी करीब 25 हजार लोग मतदान केंद्रों में कतार में लगे थे। 
विज्ञापन


रात आठ बजे भी मतदान की प्रक्रिया जारी रही। कुल 1145 प्रत्याशियों का भाग्य तय करने के लिए दिन भर चली चुनाव प्रक्रिया दो अप्रिय घटनाओं को छोड़ लगभग शांतिपूर्ण रही। 

इसके अलावा कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों में खराबी की शिकायतें भी मिली, जिससे मतदान प्रक्रिया में रुकावट आई। गुरु हरसहाय और तरनतारन में फायरिंग की घटनाएं हुईं। 
विज्ञापन


तरनतारन में एक सरपंच लालू घुमान द्वारा विरोधी पक्ष के लोगों पर गोली चलाने के कारण एक व्यक्ति जगजीत सिंह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर लिया है।

गुरु हरसहाय में पोलिंग स्टेशन के बाहर अज्ञात लोगों ने फायरिंग की। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। जीरकपुर के लोहगढ़ में फायरिंग की खबर अफवाह साबित हुई। 

वहीं, धूरी, भूच्चो मंडी, कोटकपुरा, बाघापुराना में प्रत्याशियों और समर्थकों के बीच हाथापाई के कई मामले सामने आए लेकिन किसी भी घटना में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। 

धूरी में कांग्रेस प्रत्याशी दलबीर सिंह गोल्डी और आम आदमी पार्टी के समर्थकों के बीच हाथापाई हुई जबकि भूच्चो मंडी में कांग्रेस और शिअद के समर्थक भिड़ गए। बाघापुराना में शिअद और आप समर्थकों में हाथापाई की खबरें मिली हैं।
विज्ञापन

242 ईवीएम और 725 वीवीपैट में मिली खराबी

Punjab Polls 2017 - फोटो : अमर उजाला
देर शाम पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी वीके सिंह और पंजाब पुलिस के नोडल अधिकारी एडीजीपी वीके भावरा ने प्रेस कांफ्रेंस में दिन भर चली मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी। 

सूबे में पहली बार 1129 पोलिंग केंद्रों को मॉडल पोलिंग स्टेशन का दर्जा देते हुए वहां वोटरों के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं मुहैया कराई गई थीं। इसके अलावा 96 ऑल वूमन पोलिंग स्टेशन बनाए गए थे, जहां पोलिंग अधिकारी से लेकर सुरक्षाकर्मी भी महिलाएं ही थीं। 

यह पोलिंग स्टेशन रोपड़, मालेरकोटला और फरीदकोट में स्थापित किए गए थे। मतदान का समय एक घंटा कम करके सुबह 8 से सायं 5 बजे तक किए जाने के बारे में एक सवाल पर वीके सिंह ने कहा कि मतदान के लिए समयावधि का निर्धारण गजेट नोटिफिकेशन के जरिए होता है और इसमें तत्काल कोई बदलाव संभव नहीं है।

242 ईवीएम और 725 वीवीपैट में मिली खराबी
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि मतदान के लिए 195 ईवीएम सुबह लगाते समय ही चेकिंग में खराब पाई गईं और उन्हें फौरन बदल दिया गया। इसके बाद 187 जगह मतदान के दौरान ईवीएम खराब होने के मामले सामने आए, जहां तुरंत ही नई ईवीएम लगाकर मतदान प्रक्रिया को जारी रखा गया। 

उन्होंने बताया कि पहली बार सूबे में मतदान के लिए इस्तेमाल की गई वीवीपैट मशीनों में 538 विभिन्न केंद्रों पर लगाते समय ही काम नहीं करने के कारण बदल दिया गया जबकि 187 मशीनें मतदान के दौरान खराब हुईं। वीवीपैट मशीनों की ज्यादातर शिकायतें मजीठा, संगरूर, मुक्तसर, बठिंडा और बरनाला में सामने आईं। 

मजीठा में दोबारा चुनाव पर अभी फैसला नहीं
आम आदमी पार्टी द्वारा मजीठा में मतदान में गड़बड़ी के लगाए गए आरोपों के बारे में पूछे जाने पर मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि मजीठा हलके के 200 मतदान केंद्रों पर हर पोलिंग स्टेशन में दो-दो ईवीएम की व्यवस्था की गई थी। 

कई केंद्रों में मशीनों की खराबी के कारण मतदान में कुछ रुकावट आई, लेकिन मतदाताओं को वोट डालने का पूरा अवसर दिया जा रहा है। इसके अलावा मजीठा के 25 पोलिंग स्टेशनों पर वीवीपैट में खराबी का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि मजीठा में चुनाव के लिए तैनात अधिकारियों की रिपोर्ट मिलने के बाद ही वहां दोबारा चुनाव के बारे में फैसला लिया जा सकेगा। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें