चंडीगढ़। मौलीजागरां स्थित विकास नगर में शुक्रवार रात हुई 16 वर्षीय सौरव भारद्वाज की हत्या के मामले में पुलिस ने सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हमले में इस्तेमाल चाकू, गंडासी और डंडे बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि हमलावरों ने पूरी साजिश के तहत अपराध को अंजाम दिया। सभी आरोपी नाबालिग हैं और उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। थाना पुलिस चार घंटे में ही आरोपियों को पकड़ लिया लेकिन इलाके में आपराधिक गतिविधियां रुकने का नाम नहीं ले रहीं। वीरवार सुबह एक बैंककर्मी पर घर के पास आठ युवकों ने तेजधार हथियार हमला कर लूट लिया था।
मृतक सौरव के पिता जगदीश भारद्वाज ने बताया है कि वह औद्योगिक क्षेत्र, फेज 1 स्थित एक फैक्टरी में नौकरी करते हैं और बीते शुक्रवार को रात 8.30 बजे उन्होंने दसवी कक्षा में पढ़ने वाले अपने बेटे सौरव को दुकान पर चावल लेने भेजा था। इसके बाद दोबारा क्ले लैंप लाने को कहने पर सौरव ने उन्हें कहा कि उससे पुरानी रंजिश रखने वाले कुछ युवक घर के बाहर घूम रहे हैं। उसके पिता ने कहा कि कुछ नहीं होगा, वह उसे गैलरी से देख रहे हैं। जब सौरव पार्क के पास पहुंचा तो आरोपियों ने उसे घेर कर बुरी तरह चाकू घोंपना शुरू कर दिया। इसके बाद सभी फरार हो गए थे। लहूलुहान सौरव को जीमएसीएच-32 ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।