पुरस्कार पाने वाले संस्थानों की पिछले वर्ष से दोगुनी हुई संख्या : आरती राव
कुरुक्षेत्र के जिला अस्पताल को मिली राज्य में पहली रैंकिंग, पुरस्कार में मिले 50 लाख
चंडीगढ़। केंद्र सरकार की ओर से हरियाणा के 769 स्वास्थ्य संस्थानों को कायाकल्प पुरस्कार दिया गया है। कुरुक्षेत्र जिला अस्पताल को मौजूदा वित्तीय वर्ष में राज्य स्तर पर पहली रैंकिंग के साथ कायाकल्प पुरस्कार मिला है। प्रथम पुरस्कार विजेता इस अस्पताल को 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया है। गत वर्ष यह पुरस्कार 390 संस्थानों को मिला था और इसके बदले 3.54 करोड़ के नकद पुरस्कार मिले थे, जबकि इस बार 5.09 करोड़ के पुरस्कार मिले हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से उन स्वास्थ्य संस्थानों की सूची जारी की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि प्रत्येक वर्ष स्वास्थ्य संस्थानों की संख्या बढ़ रही है और सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं में इन मानकों को प्राप्त करने में लगातार सुधार किया जा रहा है। इसी प्रकार, सोनीपत के गांव बड़खालसा में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अपनी श्रेणी में पहली रैंकिंग मिली है और इसे 15 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। पुरस्कार पाने वाले शेष 767 स्वास्थ्य संस्थानों में से 19 जिला अस्पताल, 38 सामान्य अस्पताल, 76 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 196 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 438 स्वास्थ्य आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।
इनके अतिरिक्त, दो पुरस्कार पर्यावरण की श्रेणी में भी मिले हैं। इनमें सर्वश्रेष्ठ पर्यावरण अनुकूल अस्पतालों की श्रेणी में गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित अस्पताल को पहला स्थान मिला और 10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। इसी श्रेणी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के वर्ग में अंबाला के मुलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को भी पहला स्थान मिला और पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।