चंडीगढ़ में सोमवार को कोरोना के 75 नए मरीज मिले। वहीं, 13 संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौटे। संक्रमण दर 6.91 प्रतिशत पर पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने पिछले 24 घंटे में 1085 लोगों की जांच की। संक्रमित मिले मरीजों में 34 पुरुष और 41 महिलाएं शामिल हैं। सेक्टर 15, मनीमाजरा व सेक्टर 35 से सबसे ज्यादा 5-5 संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा सेक्टर 4, 7, 8, 9 ,10, 11, 12, 14, 19, 20 , 21, 22, 27, 28 ,31, 35, 36, 37, 38, 40 ,42, 43, 44, 45, 46, 47, 48, 49, 51, बहलाना, हल्लोमाजरा, खुड्डाअली शेर, मलोया और पीजीआई में भी मरीज मिले हैं।
हाईकोर्ट में 14 जनवरी तक होगी वीसी से सुनवाई
कोरोना के बढ़ते मामले के चलते पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में फिजिकल सुनवाई पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। सोमवार को हाईकोर्ट की स्पेशल कमेटी की बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि 14 जनवरी तक वीसी के जरिए सुनवाई होगी। बैठक में हरियाणा व पंजाब के एडवोकेट जनरल, चंडीगढ़ के सीनियर स्टैंडिंग काउंसिल, एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया व हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के प्रधान शामिल रहे।
छह महीने बाद फिर खुले दो मिनी कोविड केयर सेंटर
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सोमवार से एक बार फिर मिनी कोविड केयर सेंटर खोल दिए गए। छह महीने बाद सेक्टर-23 स्थित बाल भवन और इंदिरा हॉलीडे होम में बनाए गए मिनी कोविड केयर सेंटर को खोला गया है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मंगलवार से यहां मरीजों को भर्ती किया जाएगा।