सीमा सुरक्षा बल ने 70वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पाकिस्तानी रेंजरों को मिठाई भेंट की। 26 जनवरी की सुबह बीएसएफ के कमांडर मुकुंद कुमार ने बल के जवानों के साथ पाकिस्तान रेंजर के डिप्टी कमांडर के साथ जीरो लाइन पर हाथ मिलाया। पाकिस्तान रेंजर ने बल की ओर से दी गई मिठाई को स्वीकार किया। पाकिस्तानी सेना की ओर से जम्मू-कश्मीर में युद्ध विराम का उल्लंघन करने के बावजूद बल ने अटारी सीमा पर रेंजर को मिठाई भेंट कर दोनों देशों के बीच अच्छे संबंधों की कामना की। इससे पहले बल के जवानों ने राष्ट्रगान गाया।
बता दें कि 69वें गणतंत्र दिवस पर वाघा बॉर्डर पर पाकिस्तान के खिलाफ इतना गुस्सा देखने को मिला था। मिठाई का आदान-प्रदान ही नहीं किया गया था। क्योंकि पिछले काफी समय से पाकिस्तान बॉर्डर पर लगातार फायरिंग कर रहा है। लगातार दुश्मन देश की तरफ से संघर्ष विराम का उल्लंघन से किया जा रहा है।
इसलिए नाराजगी जताते हुए मिठाई का आदान प्रदान नहीं किया गया। हालांकि इस साल भी शुरू से ही बॉर्डर पर आतंकी गतिविधियां, घुसपैठ और सीजफायर हो रही है, लेकिन भारत ने जिंदादिली दिखाते हुए इस बार पाकिस्तान के साथ मिठाई का आदान-प्रदान किया।