गणतंत्र दिवस के अवसर अटारी सीमा पर रिट्रीट सेरेमनी देखने के लिए उमड़े 30 हजार से अधिक पर्यटकों से जब ‘उरी : द सर्जिकल स्ट्राइक’ फिल्म के स्टार विक्की कौशल ने आवाज लगाकर पूछा ‘हाउस दा जोश’तो जवाब में लोगों ने जोश के साथ यस सर कहा। फिल्म की स्टार कास्ट और सीमा सुरक्षा बल के जवानों को देख वहां मौजूद हर व्यक्ति देशभक्ति के जज्बे से भर उठा।
वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों से पूरा वातावरण गूंज रहा था। इस दौरान अभिनेता वरुण धवन ने भी बीएसएफ की यूनिफार्म पहनकर शानदार प्रस्तुति दी। इसके साथ ही अभिनेत्री यामी गौतम, कोरियोग्राफर रैमा डिसूजा और गायक सरताज भी जवानों का हौसला बढ़ाते नजर आए। गणतंत्र दिवस पर अटारी सीमा पर परेड की शुरुआत बल की महिला जवानों ने की।
महिला जवान बीएसएफ मुख्यालय से निकलकर भारत-पाकिस्तान सीमा को विभाजित करने वाले गेट के नजदीक पहुंचती है। बॉर्डर पर लहरा रहे तिरंगे को सलामी देने के बाद वहां रुक जाती है। उसके बाद जवान तेजी से चलते हुए जीरो लाइन के पास आकर उस पार परेड कर रहे पाकिस्तान रेंजर को अपनी भाव भंगिमाओं से ललकारते हैं। जब दोनों देशों के राष्ट्र ध्वज उतर रहे होते हैं उस पल को कैद करने के लिए लोग अपने मोबाइल और कैमरे लेकर तैयार रहते हैं।