हरियाणा में कोरोना संक्रमण दर तेजी से बढ़ रही है, वहीं कोरोना अब घातक साबित होने लगा है। सोमवार को कोरोना के 5736 और ओमिक्रॉन के 26 नए केस मिले हैं। जबकि छह माह बाद एक साथ कोरोना के पांच मरीजों की मौत दर्ज की गई। अब प्रदेश में एक दिन की संक्रमण दर 14.90 फीसदी और कुल संक्रमण 5.34 पहुंच गई है।
रिकवरी दर घटकर 95.93 हो गई है और मृत्यु दर 1.26 फीसदी है। सोमवार को 1552 मरीज ठीक भी हुए। सरकारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, इस समय प्रदेश में कोरोना के कुल एक्टिव केसों की संख्या 22477 हो गई है। इनमें से 17527 मरीज होम आइसोलेशन में हैं और शेष अस्पतालों में इलाज ले रहे हैं। वहीं, अब तक ओमिक्रॉन के 162 मामले मिल चुके हैं। इनमें से 145 ठीक होकर घर जा चुके हैं, जबकि 17 अभी भी एक्टिव हैं। वहीं, अंबाला में 2, गुरुग्राम, करनाल और यमुनानगर में 1-1 मरीज की मौत हुई है। अब तक कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 10077 पहुंच गई है।
कहां कितने केस मिले
सोमवार को गुरुग्राम में 2661, फरीदाबाद में 1071, पंचकूला में 344, अंबाला में 303 नए केस मिले हैं। करनाल में 171, रोहतक में 103, सोनीपत में 322, पानीपत में 113, हिसार में 64, झज्जर में 98, कुरुक्षेत्र में 84, यमुनानगर में 91 , सिरसा में 34, रेवाड़ी में 74, कैथल में 63, जींद में 39, भिवानी में 65, महेंद्रगढ़ में 17, चरखी दादरी में 16, नूंह, पलवल में 11-11, फतेहाबाद में 21 नए केस मिले हैं।
कोविड हिदायतें लागू कराए पुलिस: विज
प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए गृह मंत्री अनिल विज ने पुलिस अधिकारियों की बैठक ली और कोरोना प्रोटोकॉल को लागू कराने के निर्देश दिए। विज ने कहा कि महत्वपूर्ण चिह्नित स्थानों पर चालान टीमों को लगाया जाए और इसी दिशा में लोगों को समझा कर, मास्क फ्री बांटकर या जुर्माना लगाकर मास्क पहनवाना सुनिश्चित करवाएं। संस्थाओं में दो वैक्सीन न लगाने वाले लोगों को प्रवेश की मनाही है, इसे भी चेक करें और ऐसी संस्थाओं द्वारा अवहेलना होने पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान किया हुआ है। कोविड प्रोटोकॉल को लागू करवाने में किसी भी प्रकार की कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।