चंडीगढ़। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने बुधवार को पंजाब लोक भवन में जीबी लेजेंड्स लेक टू लेक अल्ट्रा-2026 की आधिकारिक टी-शर्ट, मेडल और पोस्टर जारी किए। प्रतियोगिता 16 अगस्त को होगी, जिसमें करीब 550 धावक हिस्सा लेंगे। दौड़ की 30, 55 और 75 किलोमीटर की तीन श्रेणियां होंगी। 50 वर्ष से अधिक उम्र के प्रतिभागियों के लिए विशेष श्रेणी भी रखी गई है।
दौड़ सुबह चार बजे सेक्टर-42 स्थित न्यू लेक से शुरू होकर शिवालिक की पहाड़ियों से गुजरते हुए मोरनी के टिक्कर ताल तक पहुंचेगी। जीबी रियल्टी के वाइस प्रेसिडेंट जतिंदर बाजवा ने बताया कि देशभर से धावक इसमें शामिल होंगे। आयोजन समिति के चेयरमैन अमित चौहान ने इसे सहनशक्ति और दृढ़ संकल्प का उत्सव बताया। 15 अगस्त को बिब एक्सपो होगा।