हरियाणा की सीमा से सटे राजस्थान के गांव बेरवाल में एक व्यक्ति खेत में बने कुएं में जा गिरा। सूचना मिलने पर आसपास के गांवों के लोग एकत्र हो गए। व्यक्ति को बचाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत सरदारगढिया के गांव ढाणी बेरवाल में गुरुवार को एक खेत में कुएं का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कुआं धंसने से महेंद्र पुत्र चिमना राम मीणा (55) दब गया।
सूचना मिलने पर सैकड़ों ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर महेंद्र मीणा को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। मौके पर ट्रैक्टर, जेसीबी मशीन की सहायता ली जा रही है। पुलिस थाना गोगामेड़ी के थानाधिकारी अजय कुमार, एएसआई दौलतराम भारी, गिरदावर रेवेन्यू इंस्पेक्टर विनोद गोदारा, पूर्व सरपंच प्रहलाद मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ राहत एवं बचाव कार्य किया। बता दें कि राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के भादरा तहसील का गांव ढाणी बेरवाल हरियाणा की सीमा से मात्र 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।