हाई वीजा कंसल्टेंसी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। हाई वीजा कंसल्टेंसी के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया वर्क वीजा के नाम पर 53 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। सेक्टर-17 और सेक्टर-22 में संचालित फर्म के खिलाफ कई लोगों ने शिकायत दी है।
पीड़ितों में पंजाब के गुरदासपुर की महिला मंजिंदरपाल कौर भी शामिल हैं जिनसे वीजा लगवाने के नाम पर 7.20 लाख की ठगी की गई। आरोप है कि शिव कुमार, नेहा गौतम और अन्य लोग जो द हाई वीजा कंसल्टेंसी फर्म से जुड़े हैं उन्होंने झूठे वादे कर मोटी रकम वसूल की। पुलिस के अनुसार मामले की जांच में सामने आया है कि फर्म ने कई लोगों से ठगी की है। पुलिस ने करीब 53.89 लाख रुपये की ठगी का केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर यह रकम वसूली गई लेकिन न तो वीजा लगवाया गया और न ही पैसा वापस किया। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कंसल्टेंसी फर्म के दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।