यूटी प्रशासन में सोमवार को हुए फेरबदल, एचसीएस राधिका सिंह के जॉइन करने पर मिले कई विभागएचसीएस शशि वसुंधरा के हरियाणा वापस जाने के बाद खाली हुआ नगर निगम में संयुक्त आयुक्त का पद
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। यूटी प्रशासन में सोमवार को प्रशासनिक फेरबदल हुआ। एचसीएस अधिकारी शशि वसुंधरा को हरियाणा सरकार के लिए रिलीव कर दिया गया जिससे नगर निगम में संयुक्त आयुक्त का पद खाली हो गया है। वहीं एचसीएस राधिका सिंह के जॉइन करते ही उन्हें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की निदेशक समेत पांच प्रमुख विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये बदलाव तुरंत लागू कर दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार आईएएस मोहम्मद मंसूर एल को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ अतिरिक्त चंडीगढ़ वक्फ बोर्ड का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। वहीं एचसीएस अधिकारी राधिका सिंह को खाद्य एवं आपूर्ति की निदेशक और संयुक्त सचिव बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें उच्च शिक्षा की अतिरिक्त निदेशक, शहरी नियोजन और मेट्रो और आवास विभाग की संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी भी दी गई है। ये कार्यभार पीसीएस पवितर सिंह, रुबिंदरजीत सिंह बराड़ और सौरभ कुमार अरोड़ा से लिया गया है। राधिका सिंह को यह जिम्मेदारी एचसीएस अधिकारी ऋचा की छुट्टी के दौरान दी गई है। इसके अलावा पीसीएस अधिकारी नितीश सिंगला को मिशन निदेशक कौशल विकास बनाया गया है। यह कार्य उन्हें उनके वर्तमान दायित्वों के अतिरिक्त सौंपा गया है। कौशल विकास मिशन अब तकनीकी शिक्षा सचिव को रिपोर्ट करेगा। साथ ही नितीश सिंगला को जीएमएसएच के संयुक्त निदेशक (प्रशासन) पद से मुक्त कर दिया गया है।