हरियाणा सरकार ने तुरंत प्रभाव से पांच आईएएस अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। समीर पाल सरो को सूचना, जनसंपर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के अलावा भाषा एवं शिकायतें विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव व आतिथ्य सत्कार विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव का कार्यभार सौंपा गया है। सरो के पास हरियाणा पर्यटन विकास निगम के एमडी का कार्यभार भी रहेगा।
हरियाणा मिनरल्स लिमिटेड (नई दिल्ली) के चेयरमैन व हरियाणा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एसके गुलाटी को प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। औद्योगिक प्रशिक्षण, प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रूप राम जोवल को औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ-साथ हरियाणा वन एवं वन्य जीव विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव लगाया गया है। हरियाणा वन एवं वन्य जीव विभाग के प्रधान सचिव अमित झा को हरियाणा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग का प्रधान सचिव लगाया गया है।
अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के निदेशक, विशेष सचिव, आर्थिक रूप से कमजोर विभाग लिमिटेड के एमडी व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निदेशक और विशेष सचिव रहे शेखर विद्यार्थी के पास शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव व राज्य शहरी आजीविका मिशन एवं राज्य शहरी विकास प्राधिकरण के मिशन निदेशक का अतिरिक्त भी कार्यभार रहेगा।
19 एचसीएस के तबादले और नियुक्तियां
सरकार ने सोमवार को तुरंत प्रभाव से 19 एचसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। सरकार ने एचसीएस अधिकारी मनदीप कौर को दोबारा कैथल में तैनात किया है। जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान मनदीप कौर को निलंबित कर दिया गया था, लेकिन बाद में सरकार ने इन्हें क्लीन चिट दे दी थी। अब यह ईओ हुडा कैथल के तौर पर कामकाज देखेंगी।
इसके अलावा ललित कुमार को कमिश्नर म्युनिसिपल कार्पोरेशन, पंचकूला नियुक्त किया गया है। जगदीप ढांडा को अतिरिक्त निदेशक, माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव के पद पर लगाया गया है। वत्सल वशिष्ठ को श्री माता शीतला देवी श्राइन बोर्ड गुड़गांव का मुख्य कार्यकारी अधिकारी व सतबीर सिंह कुंडू को एसडीएम जींद नियुक्त किया गया है।
प्रवेश कुमार को पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक (प्रशासनिक) के साथ जनरल मैनेजर, हरियाणा पर्यटन विकास निगम व सूचना, जन संपर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा के अतिरिक्त निदेशक (प्रशासनिक) का कार्यभार सौंपा गया है।
अमृता सिंह को उसकी वर्तमान कार्यभार के साथ-साथ हैफेड का विजीलेंस ऑफिसर भी लगाया गया है। वंदना दिसोदिया को आयुष हरियाणा का अतिरिक्त निदेशक (प्रशासनिक) का कार्यभार दिया गया है और उनके पास अतिरिक्त राज्य परिवहन आयुक्त (रोड सेफ्टी) हरियाणा की जिम्मेदारी भी रहेगी। एमडी योगश कुमार मेहता ईओ हुडा जींद लगाया गया है।
अजय मलिक को को-ऑपरेटिव शूगर मिल जींद का एमडी, नरेन्द्र पाल मलिक को एसडीएम थानेसर व आरटीए कुरुक्षेत्र का सचिव लगाया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट नारनौल मनोज खत्री को सिटी मजिस्ट्रेट पलवल लगाया गया है।
शिल्पी पातड़ अब एसडीएम नारायणगढ़ की कमान संभालेंगी, जबकि डॉ. ऋचा को वर्तमान कार्यभार के अलावा हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कार्पोरेशन की सचिव का कार्यभार भी दिया गया है। बिजेंद्र सिंह को सिटी मजिस्ट्रेट रेवाड़ी और नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे वेद प्रकाश को सिटी मजिस्ट्रेट सिरसा लगाया गया है।
इसके अलावा गुड़गांव स्थित जस्टिस (सेवानिवृत्त) एसएन झा की अध्यक्षता में गठित जांच आयोग के सचिव संजीव कुमार को वर्तमान कार्यभार के साथ संपदा अधिकारी हुडा, गुड़गांव-1 की जिम्मेवारी भी दी गई है। नियुक्ति आदेशों की प्रतीक्षा कर रहे सुनील कुमार को सिटी मजिस्ट्रेट नारनौल नियुक्त किया गया है।