पूर्व वित्तमंत्री डा. उपिंदरजीत कौर की कोठी में चौथी बार चोरी हो गई। चोर कोठी से कीमती सामान चोरी करके ले गए है। पुलिस की ओर से जांच टीम भेजी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा। डीएसपी सुल्तानपुर लोधी सरवन सिंह बल को दी गई लिखित शिकायत में यूथ अकाली दल पंजाब की कोर कमेटी के सदस्य कुलदीप सिंह बूले ने बताया कि वह गुरुद्वारा श्री बेर साहिब रोड स्थित पूर्व वित्तमंत्री डा. उपिंदरजीत कौर की कोठी का एक कमरा बतौर दफ्तर इस्तेमाल में ले रहा है।
मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे जब उसने गेट खोला तो देखा कि कोठी के अन्य कमरों को लगे ताले टूटे थे। बाथरूम, अलमारियों से कीमती सामान चोरी हो चुका था। उसने बताया कि इससे पहले भी करीब तीन बार ऐसे ही चोर कोठी के सामान पर हाथ साफ कर चुके हैं। पुलिस को बताया जा चुका है फिर भी पुलिस चोर को काबू करने में विफल रही है।
उन्होंने डीएसपी से बार-बार हो रही चोरी के मामले में चोर को काबू करने की मांग की है। डीएसपी सरवन सिंह बल का कहना है कि एसएचओ सुल्तानपुर लोधी सरबजीत सिंह को जांच के लिए कहा गया है। उन्होंने एएसआई अमरजीत सिंह व पीसीआर दस्ते को छानबीन के लिए भेजा है। जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि चोर को जल्द गिरफ्तार करके सलाखों के पीछे भेजेंगे।