पंजाब सरकार ने 44 प्रधानाचार्यों को डीईओ और 13 प्रधानाचार्यों को सहायक निदेशक स्कूल शिक्षा विभाग के तौर पर पदोन्नति दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिशा-निर्देश पर शिक्षा विभाग में गुरुवार को एक दशक बाद प्रधानाचार्य से डीईओ और सहायक निदेशक के पद पर पदोन्नति देने की खातिर विभागीय पदोन्नति कमेटी की बैठक हुई।
विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस द्वारा मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुसार शिक्षा विभाग में पदोन्नतियों के कार्य में तेजी लाने संबंधी दिए गए आदेश पर कार्रवाई करते हुए विभागीय पदोन्नति कमेटी ने प्रधानाचार्यों, डीईओ और सहायक निदेशक के पदों पर पदोन्नति करके विभाग में पदोन्नतियों का कार्य शुरू किया है।
विभागीय पदोन्नति कमेटी का नेतृत्व सचिव स्कूल शिक्षा विभाग केके यादव द्वारा किया गया। प्रवक्ता ने बताया कि विभागीय पदोन्नति कमेटी द्वारा जिन नामों को पदोन्नति के लिए सहमति दी गई थी, उन पर स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस द्वारा मुहर लगा दी गई है।