हिमाचल महासभा के चिकित्सा शिविर में 350 मरीजों की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
शिविर में ईसीजी, शुगर व हड्डियों की जांच सुविधा उपलब्ध
चंडीगढ़। सेक्टर-45 स्थित सामुदायिक केंद्र में रविवार को हिमाचल महासभा की ओर से चिकित्सा शिविर लगाया गया। इसमें मोहाली के एक निजी अस्पताल के डॉक्टरों की देखरेख में 350 मरीजों की जांच की गई। शिविर में ईसीजी, रक्त शर्करा, फाइब्रो स्कैन और हड्डियों की मजबूती की जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं।
इस अवसर पर महासभा के प्रधान पृथी सिंह प्रजापति, महासचिव संजीव शर्मा, उपप्रधान संजीव कुमार, वित्त सचिव रोशन लाल भारद्वाज, वरिष्ठ संरक्षक केएल देओल और वरिष्ठ सलाहकार एमएल राणा सहित अन्य पदाधिकारी, महिला विंग और कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे। प्रधान पृथी सिंह प्रजापति ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताया। शिविर के दौरान कई नए सदस्य महासभा से जुड़े और संस्था के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की।