पंजाब के फिरोजपुर जिले में एक विधवा ने कब्जाधारी से परेशान होकर छत पर लगे पंखे में चुनरी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। पीड़िता ने कुछ समय पहले मकान खरीदा था, जिसके निचले हिस्से में दुकान थी। दुकानदार को दुकान खाली करने को कहा था जो उस पर कब्जा करके बैठा हुआ था। थाना घल्लखुर्द पुलिस ने बुधवार को उक्त आरोपी के खिलाफ मामला दर्जकर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
जोगिंदर सिंह निवासी गांव शकूर ने पुलिस बताया कि उसकी बहन हरविंदर कौर (35) की शादी गुरबाज सिंह से हुई थी। गुरबाज की पांच साल पूर्व मौत हो चुकी है। हरविंदर कौर अपने मायके में जाकर रहने लगी, उसे परिजनों ने वार्ड-12 में एक मकान लेकर दिया। मकान के निचले हिस्से में एक दुकान है।
यह दुकान आरोपी मदन लाल निवासी वार्ड नंबर-नौ मुदकी ने किराये पर ली है। दुकान खाली करने को कई बार कहा गया लेकिन वह इसे खाली करने के बजाय कब्जा करके बैठा था। मदन की इस हरकत से हरविंदर कौर मानसिक तौर पर परेशान हो चुकी थी। यही वजह है कि बुधवार को घर में लगे पंखे से चुनरी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। थाना घल्लखुर्द पुलिस ने जोगिंदर सिंह के बयान पर आरोपी मदन लाल के खिलाफ मामला दर्जकर लिया है, आरोपी फरार है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।